ठाकुरद्वारा/सुरजननगर। लालापुर पीपलसाना में जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर समस्या का समाधान कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के अंदर प्राथमिक विद्यालय प्रथम को जाने वाले रास्ते पर पुलिया न होने से वहां थोड़ी सी बारिश में भी जलभराव हो जाता है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि इस संबंध में ग्राम प्रधान से भी इस बारे में शिकायत की गई। लेकिन उन्होंने समस्या का कोई समाधान नहीं किया। ग्रामीणों का कहना है कि नाली की सफाई न होने और पुलिया का निर्माण ग्राम पंचायत द्वारा न कराने से जलभराव की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर ग्राम प्रधान के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में इसरार, टीकाराम, असगर हुसैन, मुख्त्यार अहमद, राहुल आदि मौजूद थे।