बिलारी। स्थानीय कोतवाली के मुंडिया भीकम गांव में शनिवार की दोपहर एक घर में बोरिंग की तैयारी के लिए लगाए गए ट्रैक्टर में विद्युत करंट आने से युवक की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार सर्किल के थाना मैनाठेर के फत्तेहपुर खास गांव निवासी मुनव्वर शाह का बेटा उमेर रजा 24 वर्ष और उसके मोहल्ले का ही नसीम अहमद कोतवाली बिलारी के मुंडिया भीकम गांव में शाहिद हुसैन के घर अपनी ट्रैक्टर संचालित मशीन से सबमर्सिबल पंप की बोरिंग करने आए थे। दोपहर को गड्ढा खोदने और ट्रैक्टर मशीन सेट करने के बाद बोरिंग शुरू करने की तैयारी की जा रही थी। इसी मशीन में ट्रैक्टर से चलने वाला जेनरेटर भी लगा हुआ है। जैसे ही उमेर रजा ने ट्रैक्टर स्टार्ट किया तभी बोरिंग मशीन पर करंट आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करंट की चपेट में आकर उमेर रजा और उसका साथी नसीम अहमद झुलस गए। उमेर मौके पर ही बेहोश हो गया। जिसे आनन फानन में मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए। पता चला है कि उमेर ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उमेर का शव उसके घर फतेहपुर खास गांव पहुंचने पर परिवार में कोहराम मच गया। उधर मुंडिया भीकम गांव में शाहिद हुसैन के घर भी घटना के बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।