मुरादाबाद। शहर के नामचीन स्कूलों के 189 अनफिट वाहन बच्चों को ढो रहे हैं। एआरटीओ ने इस मामले में स्कूल प्रबंधनों को नोटिस जारी कर वाहनों की फिटनेस तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं। चेताया है कि ऐसे वाहनों से बच्चों को ढोना ठीक नहीं है।
संभागीय परिवहन कार्यालय के अनुसार अनफिट वाहनों में मझोला स्थित शिक्षण संस्थान के पांच वाहन, पाकबड़ा स्थित दो शिक्षण संस्थानों की दस गाड़ियां, रामगंगा विहार स्थित दो शिक्षण संस्थानों की 11 गाड़ियां, सिविल लाइंस स्थित स्कूल की चार गाड़ियां शामिल हैं।
इसके अलावा एक एक या दो -दो वाहन अन्य स्कूलों के हैं। एआरटीओ प्रशासन ने इस मामले में जनवरी माह में स्कूलों प्रबंधकों को स्कूली वाहनों के फिटनेस को दुरुस्त कराने के लिए नोटिस जारी कर दिए हैं। फिर भी स्कूल खराब वाहनों से बच्चों को ढो रहे हैं। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने चेताया है कि इस मामले में अनफिट वाहनों के पकड़े जाने पर कानूनी तौर पर कार्रवाई की जाएगी।