ठाकुरद्वारा/सुरजननगर। सुरजननगर चौकी क्षेत्र के गांव जयनगर में बीमारी से 11 पशुओं की मौत हो गई। पशुओं की मौत से पशु पालकों में हड़कंप मच गया। जयनगर गांव के एक मौहल्ले में शुक्त्रस्वार को गांव के अजव सिंह, नसीम, नरेश, सोनी सिंह, फुरकान, खड़कू, उमेश कुमार आदि के पशु बीमार हो गए थे। किसानों ने अपने पशुओं का इलाज झोला छाप पशु चिकित्सकों से कराया। लेकिन 24 घंटे बाद ही इन किसानों के 11 पशुओं की मौत हो गई। किसानों ने बताया कि बीमार पशुओं का पेट पहले फूला और फिर उनके मुंह से झाग आने लगे। कुछ देर बाद ही पशुओं की मौत हो गई। 11 पशुओं की मौत से गांव के पशु पालकों में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद भी पशु पालन विभाग का कोई अधिकारी गांव में नहीं पहुंचा। इसका ग्रामीणों ने पशुपालन विभाग के प्रति रोष जताया है। उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. एसपी सिंह का कहना है कि एक अन्य गांव में कैंप लगा होने के कारण वे गांव नहीं पहुंच सके। उन्होंने स्टाफ को भेज दिया था। उन्हें तीन पशुओं की मौत की जानकारी मिली है। उनका कहना है कि पशुओं ने कीटनाशक छिड़काव के चारे को खाया होगा। इसके खाने से उनकी मौत हुई है।