बिलारी। ग्रीष्म कालीन अवकाश के बाद परिषदीय स्कूल खुले बृहस्पतिवार को चार दिन हो गए, लेकिन स्कूलों में पंजीकरण के अनुपात में काफी कम विद्यार्थी आ रहे हैं। बीते सोमवार और मंगलवार को बिलारी नगर क्षेत्र के लगभग सभी परिषदीय प्राइमरी और जूनियर स्कूलों में आने वाले छात्रों की औसतन उपस्थिति पंजीकरण के अनुपात में 30 से 40 प्रतिशत रही थी। तहसील के ब्लॉक बनियाखेड़ा अंतर्गत अमरपुरकाशी गांव के प्राइमरी स्कूल में कुल 51 छात्र पंजीकृत हैं। बृहस्पतिवार की सुबह नौ बजे तक इस स्कूल में मात्र 11 बच्चे ही आए थे। स्कूल में तैनात दोनों महिला शिक्षक विजय कुमारी और सुधा शर्मा गैरहाजिर थीं। स्कूल की प्रधानाध्यापिका शबनम जाफरी ने बताया कि 10 बजे तक स्कूल में आने वाले बच्चों की संख्या बढ़ जाएगी। उधर खंड शिक्षा अधिकारी भुवन प्रकाश ने बताया कि सभी प्रभारी शिक्षकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि स्कूल चलो अभियान के तहत ड्रॉप आउट बच्चों का स्कूलों में लाकर नवीन पंजीकरण कराएं।