बिलारी। भीषण गर्मी के मौसम में भी बिलारी के नगर और देहात इलाके में अघोषित बिजली कटौती की समस्या जारी है। बृहस्पतिवार की रात और शुक्रवार को दिन में नगर और देहात इलाके में ब्रेकडाउन, ट्रिपिंग और अघोषित बिजली कटौती की समस्या बरकरार रही। सुबह और दोपहर के समय बिजली मिलने के निर्धारित शेडयूल में भी बिजली कटौती कर दी गई। शुक्रवार की शाम भी अघोषित बिजली कटौती की समस्या बनी रही। नगरीय बिजलीघर के अवर अभियंता ने बताया कि निर्धारित समय में बिजली कटौती स्थानीय स्तर से न होकर 132 केवी बिजलीघर से की गई। उधर भारतीय किसान यूनियन के मुरादाबाद मंडल महासचिव चौधरी मनोज कुमार ने पुन: पुलिस प्रशासन को पत्र भेजकर चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही बिलारी के देहात इलाके को पूरी बिजली नहीं मिली तब एसडीओ विद्युत का घेराव किया जाएगा।