चंदौसी। यूं तो यह यातायात माह है, लेकिन पुलिस यातायात के नियमों का पालन कराती कहीं नहीं दिख रही है, पिछले चौबीस घंटे में सड़क हादसों में जिलेभर में 15 लोगों की जान चली गई है। जिनके घरों में दिवाली की खुशियां गम में तब्दील हो गई हैं। दिवाली पर्व की शुरुआत हुई तो सड़कों पर ट्रैफिक भी कई गुना बढ़ गया। छुट्टियां होते ही लोग बाइक और कारों से भी त्योहार मनाने के लिए घरों की ओर निकल पड़े। सड़कों पर रोजमर्रा की अपेक्षा कई गुना अधिक वाहन नजर आने लगे। कहने को तो यह यातायात माह चल रहा है, जिसमें जिले के आला अफसरों ने बैठके करके बिना हेलमेट लगाए या ट्रिपल राइडिंग नहीं करने देने के निर्देश तो दे दिए लेकिन वहीं त्योहार के मौके पर किसी को परेशान करना भी उचित नहीं समझा। परिणाम यह हुआ कि त्योहार के मौके पर शुक्रवार की सुबह तक 15 लोगों की जान चली गई और नौ लोग अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं। गुन्नौर में एक ही हादसे में आठ लोगों की जान चली गई, इससे पहले चिरौली भगवंतपुर के कपिल, किसौली के निकट हादसे में अतरासी के छोटे, रंपुरा से शमशुल, गुन्नौर क्षेत्र में खेरिया रुद्र निवासी दुर्वेश की बाइक से कुचल कर मौत हो गई बनियाठेर ढ़कनगला निवासी चौधरी लल्लू सिंह की जान चली गई। हयातनगर थाना क्षेत्र में टेलर रुपेश और कुढ़ फतेहगढ़ क्षेत्र में युवक राजीव की भी दुर्घटना में मौत हो गई। कुल 15 परिवारों में दिवाली खुशियां पलक झमकते ही गम में तब्दील हो गईं।