चंदौसी। पुलिस महानिदेशक के आदेश पर युवतियों, महिलाओं को आत्म सुरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे। पंद्रह दिनों तक यह अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। जिसमें इंटर व डिग्री कालेजों में जाकर छात्राओं को विशेष प्रशिक्षण दिलाया जाएगा जिसमें पुलिस के बड़े अधिकारी भी सहभागिता करेंगे। जिले में कार्यक्रमों की रूपरेखा तय कर दी गई है। प्रदेश में महिलाओं, युवतियों से छेड़छाड़, दुष्कर्म जैसे अपराधों को रोकने के लिए पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश ने छात्राओं, युवतियों को आत्म सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए एक पखवाड़े का अभियान चलाने का आदेश दिया है। जिले में अभियान की कमान उपनिरीक्षक अंजू भदौरिया को सौंपी गई है। उन्होंने 1090 को कोआर्डिनेटर संगीता भार्गव के साथ बैठक करके कार्यक्रम की रूपरेखा तय की। जिसमें तीन अक्तूबर को चंदौसी के चार कालेजों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें सुबह आठ बजे बीएमजी इंटर कालेज, सुबह नौ बजे बाबूराम इंटर कालेज, सुबह 10 बजे रामप्यारी इंटर कालेज व सुबह 11 बजे अक्रूर जी इंटर कालेज में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में ताइक्वांडो आदि कई तरह से छात्राओं को आत्म सुरक्षा के गुर सिखाए जाएंगे। इनमें पुलिस अधिकारी भी सहभागिता करेंगे। इसके अलावा लगातार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।