बहजोई। नोडल अधिकारी कर्ण सिंह चौहान ने समीक्षा बैठक के बाद निर्माणाधीन परियोजनाओं समेत शासकीय कार्यालयों का निरीक्षण किया। शाम पांच बजे करीब नोडल अधिकारी ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचे। वहां दफ्तर की भौगोलिक स्थिति, संचालित परियोजनाओं समेत स्टाफ व अभिलेखों का रख-रखाव देखा। एक्सईन एके शर्मा से जरूरी जानकारी लेने के बाद नोडल अधिकारी ने जिला सूचना अधिकारी कार्यालय, जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया। इसके बाद नोडल अधिकारी ने विकासखंड बहजोई के गांव लहरावन का रुख किया। यहां पेयजल पाइप लाइन योजना के तहत ओवर हेड टैंक, भवन व पाइप लाइन आदि की जानकारी ली। इसके अलावा गांव में ही निर्माणाधीन छात्रावास को लेकर ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अभियंताओं से जानकारी ली और अधूरी परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।