कांठ। तहसील परिसर से फिर एक ग्रामीण की बाइक चोरी हो गई। पीड़ित ने पुलिस को कार्रवाई के लिए तहरीर देकर बाइक बरामद किए जाने की मांग की है।
कांठ थाना क्षेत्र गांव फजलाबाद निवासी सुनील कुमार पुत्र जीवन सिंह तहसील में राशन कार्ड का फार्म जमा करने आया था। वह परिसर में अधिवक्ता कंपाउंड के पास अपनी बाइक खड़ी कर तहसील में दूसरी मंजिल पर स्थित आपूर्ति कार्यालय में चला गया। थोड़ी देर के बाद जब वह वापस लौट कर आया तो उसकी बाइक गायब थी। सुनील ने इधर-उधर जानकारी की लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित ने पुलिस को कार्रवाई के लिए तहरीर दी है। बता दें कि तहसील परिसर से बाइकों के चोरी होने का सिलसिला लगातार जारी है। एक वर्ष का आंकड़ा लगाया जाए तो अब तक तहसील से पंद्रह से अधिक बाइक चोरी हो चुकी हैं। जिसका आज तक कोई पता नहीं चल पाया है। वहीं कई बार निर्देशों के बाद भी आज तक तहसील परिसर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगवाए गए। जबकि तहसील में आए दिन धरना प्रदर्शन और हंगामें भी होते रहते हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि यदि सीसीटीवी कैमरे लगे हों तो चोरी की घटनाओं पर रोक लग पाएगी।