मिलक। पशुशाला में लगी आग में फंसे पशुओं को बचाने में पशु पालक गंभीर रुप से झुलस गया। उसे इलाज के लिए बरेली में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के नगरिया निवासी सुरेश कुमार आर्य की पशुशाला में बीती रात आग लग गई। सुरेश ने पशुओं को मच्छरों से बचाने के लिए आग से धुआं किया था। धुएं की आग पशुशाला में सुलगती रही लेकिन पशु पालक कोे इसकी भनक नहीं लगी। रात को पशुशाला में आग लगने पर लपटें उठने लगी। तब पशु पालक की नींद टूटी और आग में फंसे पशुओं को बचाने के लिए वह पशुशाला में घुस गया। इस बीच वह अपने पशु बचा लाया लेकिन लपटों में वह खुद झुलस गया। गंभीर हालत उसे परिजन इलाज के लिए बरेली ले गए। आग लगने पर फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची लेकिन उससे पहले ही ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। तहसीलदार अशोक कुमार सिंह ने बताया कि राजस्व टीम ने मौका मुआयना कर जांच कर रिपोर्ट सौंप दी है।