जुनावई/चंदौसी। शनिवार को भाई की ससुराल से तेरहवीं की दावत खाकर लौट रहे गुन्नौर के युवक की छह लोगों ने रास्ते में घेरकर पीट पीटकर हत्या कर दी गई थी, जिसकी रिपोर्ट बदायूं के जरीफनगर थाने में दर्ज कराई गई है, सभी नामजद छह आरोपी गुन्नौर के है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। शनिवार को गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के नंदपुर निवासी मूलचंद यादव अपने चचेरे भाई की सास की तेरहवीं की दावत में बदायूं के सिंगौला गांव गया था। वहां उसका एक रिश्तेदार से बाइक मांगने को लेकर विवाद हो गया। विवाद मामूली था, इसलिए वह एक ट्रैक्टर में बैठकर अकेले ही अपने घर के लिए चल दिया था। आरोप हैकि गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के ही बिजुआनगला गांव के हरि भगवान, धर्मेंद्र, घुंघइया गांव के नन्हें, सत्यवीर, हरवीर व सतीश आदि छह लोगों ने पीछे से आकर मूलचंद यादव को घेर लिया था। लाठी डंडों से पीटकर उसकी हत्या कर दी थी। घटना जरीफनगर थाना क्षेत्र में हुई, इसलिए देर रात पुलिस ने मृतक के भतीजे देवेंद्र की तहरीर पर उक्त छह लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। शव को रविवार की सुबह पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने हत्यारोपियों की तलाश में दबिशें दीं, लेकिन कोई हत्यारोपी पुलिस के हाथ नहीं आया।