बहजोई। बीएसए दफ्तर में जांच को पहुंचे एडी बेसिक ने पुराने मामलों के रिकार्ड खंगालते हुए स्टाफ के तत्कालीन बीएसए के व्यवहार संबंधी बयान दर्ज किए।
शनिवार को पूर्वाह्न साढ़े ग्याह बजे करीब मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक मुरादाबाद मंडल, मुरादाबाद संजय कुमार रस्तौगी अपने स्टाफ के साथ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दफ्तर पहुंचे और बीएसए वीरेंद्र प्रताप सिंह से बातचीत के बाद पुराने मामलों की जानकारी ली। बीते करीब दो वर्षों से संबंधित रिकार्ड खंगाले। मौखिक व लिखित जानकारी ली। एडी बेसिक ने बारी-बारी कई विभागीय पटलों पर तैनात लिपिकों से मौखिक व लिखित बयान भी दर्ज किए। इस बीच एडी बेसिक ने जिले भर के निजी विद्यालयों की मान्यता, शिक्षिकाओं के बाल्यकाल देखभाल अवकाश, प्रसूति अवकाश, जन सूचना अधिकार, जिले भर के परिषदीय विद्यालयों में तैनात शिक्षक/शिक्षिकाओं का निलंबन व बहाली तथा नियुक्ति समेत अन्य मामलों संबंधित अभिलेखों की बारीकी से पड़ताल की। साथ ही स्टाफ से तत्कालीन बीएसए के व्यवहार संबंधी भी बयान लिए। इस बीच एडी ने जिले के कुछ विद्यालयों में निरीक्षण भी किया। एडी के मुताबिक पुराने मामलों की जांच-पड़ताल के आदेश मिलने पर वह बीएसए दफ्तर पहुंचे हैं। साथ ही विकासखंड असमोली क्षेत्र के कुछ परिषदीय विद्यालयों का भी निरीक्षण किया गया।