मिलक। उपजिलाधिकारी राकेश कुमार गुप्ता और सीओ नरेंद्र पाल सिंह के नेतृत्व में पालिथीन के खिलाफ अभियान चला। इस दौरान माल जब्त किया गया। प्रदेश सरकार के पालिथीन पर लाए गए अध्यादेश पर अमल कराने के लिए उपजिलाधिकारी राकेश कुमार गुप्ता और सीओ नरेंद्र पाल सिंह ने कमान संभाली और फोर्स के साथ नगर में अभियान चलाया। सबसे पहले नगर के पटवाई रोड पर प्रशासन ने पालिथीन के खिलाफ अभियान चला। टीम यहां से साप्ताहिक बाजार पहुंच गई और जवाहर मार्केट में अभियान चलाया। अभियान की भनक दुकानदारों को लग गई। इससे उन्होंने पालीथीन छुपाकर रख लीं। अभियान को लेकर दुकानदारों और ग्राहकों में खलबली मच गई। पहले दिन पालिथीन जब्त करने तक अभियान चला। उपजिलाधिकारी राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि पहले दिन चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है और अगली कार्रवाई में अचानक छापा मारा जाएगा। जिसमें 50 माइक्रान से कम वाली पॉलिथीन तथा उससे निर्मित सामान मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।