बहजोई। वित्तीय अनियमितताओं को लेकर जिले के तीन ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों पर कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने की कार्रवाई की गई है। जिला पंचायत राज अधिकारी जाहिद हुसैन ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर विकासखंड असमोली की ग्राम पंचायत अकबरपुर गहरा में अधिशासी अभियंता आरईडी अनिल कुमार की जांच में सामने आया कि ग्राम निधि से 06 लाख 11 हजार 197 व मनरेगा योजना से 05 हजार 864 रुपये की वित्तीय अनियमितता व शासकीय धनराशि का दुरुपयोग किए जाने पर ग्राम प्रधान प्रीतम सिंह को विकासखंड पवांसा की ग्राम पंचायत सारंगपुर में 16 शौचालय मौके पर नहीं मिले। इसके लिए ग्राम प्रधान रामवती देवी तथा ग्राम पंचायत शेरपुर में 19 लाभार्थी अपात्र पाए गए। अपात्र लोगों को धनराशि आबंटित कराने की बात सामने आई। इसके चलते ग्राम प्रधान धवल सिंह के खिलाफ जिलाधिकारी आनंद कुमार सिंह की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।