बहजोई। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के दस सदस्यीय दल ने 09 जुलाई 2018 को किसानों की समस्याओं को लेकर होने वाले आंदोलन की तैयारी के लिए गांव पगौना, चाटन, श्यौराजपुर, चंदनकटी, आनंदपुर, ड्यौढाई, मोहकमपुर, नाधौस, फरीदपुर, कुंवरपुर, चकरपुर व कूबरीराम आदि गांवों में जनसंपर्क कर 09 जुलाई को बहजोई पहुंचने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष शंकर सिंह यादव ने बताया कि जून माह में भाकियू का तीन दिवसीय राष्ट्रीय शिविर हरिद्वार उत्तराखंड में आयोजित किया गया था। वहां निर्णय लिया गया था कि डा. स्वामीनाथन की सिफारिशों को लागू कराने व भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वादों को पूरा कराने आदि के मुद्दों पर प्रथम चरण के आंदोलन में 09 जुलाई को देश भर के जिला मुख्यालयों पर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्रियों के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे। उन्होंने बताया कि 22 सितंबर 2018 तक समस्याओं का समाधान न होने पर 23 सितंबर से हरिद्वार से दिल्ली तक पैदल मार्च करेंगे। 02 अक्तूबर 2018 को दिल्ली पहुंचेंगे। इस बीच जिला प्रचार मंत्री रामाशंकर शर्मा हनुमान समेत मोहर सिंह यादव, अमर सिंह राजपूत, संजीव चौधरी, इंद्रपाल सिंह, दुर्गपाल कुशवाहा, जीतपाल सिंह, प्रेमपाल सिंह व चंद्रपाल सिंह आदि मौजूद रहे।