चंदौसी। जिला पूर्ति निरीक्षक के निरीक्षण में राशन की दुकान पर स्टाक कम पाए जाने और अन्य अनियमितता मिलने पर राशन की दुकान को निलंबित कर कोटेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पूर्ति निरीक्षक चंदौसी कुलदीप जैन ने बताया कि शुक्रवार दोपहर एक बजे करीब नगर क्षेत्र के कोटेदार रमाकांत गोयल की दुकान पर जिला पूर्ति निरीक्षक अभय प्रताप सिंह ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकान में स्टाक कम था और दुकान तय स्थान से अलग स्थान पर संचालित की जा रही थी। पूछताछ करने पर कोटेदार ने संतोषजनक जबाव नहीं दिया। इस पर जिला पूर्ति निरीक्षक ने राशन की दुकान को निलंबित कर जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर कोटेदार रमाकांत के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।