बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को सत्र शुरू होने के एक सप्ताह बाद भी किताबों का इंतजार है। अभी तक सिर्फ 90 हजार किताबें ही बंट सकीं हैं। बीएसए का कहना है कि किताबों को बांटने का कार्य किया जा रहा है। शीघ्र ही विद्यार्थियों को किताबें मिल जाएंगी।
मुरादाबाद जिले के बेसिक शिक्षा विभाग के 1404 विद्यालय हैं। इसमें करीब एक लाख 84 हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए सभी विषयों की 14 लाख 50 हजार किताबें आनी हैं। अभी तक जिले में 12 लाख 24 हजार किताबें ही आई हैं। उनका दावा है कि इसमें से भी विद्यार्थियों के पास सिर्फ 90 हजार किताबें ही पहुंची हैं।
उर्दू की किताबों के लिए आदेश का इंतजार
मुरादाबाद में कक्षा एक और दो में करीब 40 हजार ऐसे विद्यार्थी हैं, जिनको उर्दू की किताबें दी जानी हैं। अभी तक इन विद्यार्थियों के लिए एक भी किताब जिले में नहीं आई है। अधिकारियों के अनुसार अभी तक किताबों को खरीदने के लिए शासन स्तर से कोई आदेश नहीं आया है। इसकी वजह से किताबें प्रकाशित नहीं हो पाई हैं। अन्य कक्षाओं में भी उर्दू की किताबें अन्य विषयों की अपेक्षा कम आई हैं।
- जिला स्तर से भी ब्लॉक पर किताबें भेज दी गई हैं। अब वहां से विद्यालयों में किताबें खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से भेजी जाएंगी। अब तक करीब 90 हजार किताबें स्कूलों में पहुंच गई हैं। शीघ्र ही अन्य विद्यार्थियों को भी किताबें मिल जाएंगी। - अजीत कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी