ठाकुरद्वारा। 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस पर जनसंख्या नियंत्रण के लिए अंतरा और छाया विधि ठाकुरद्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से लांच की जाएगी। इसका प्रशिक्षण सोमवार को यूपीटीएसवी की जिला समन्वयक मीरा गौतम ने स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारियों और एएनएम को दिया। उन्होंने बताया कि जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में ठाकुरद्वारा और बिलारी ब्लाक में अंतरा और छाया विधि लांच की जाएगी। 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस पर दोनों विधियां लांच होंगी। 11 जुलाई से जनसंख्या नियंत्रण पखवाड़ा भी मनाया जाएगा। जो 25 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान एएनएम और आशाएं अपने क्षेत्रों में जाकर लोगों को सीमित परिवार के लिए जागरूक करेंगी। उन्होंने बताया कि अंतरा विधि में इंजेक्शन लगाया जाता है। जिसका तीन महीने तक असर होता है। जबकि छाया विधि में गर्भ निरोधक गोली खाई जाती है। जो एक सप्ताह तक प्रभावी होती है। बैठक में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार सिंह, नरेश सिंह, आशु गुप्ता, रामपाल सिंह और एएनएम मौजूद थे।