ठाकुरद्वारा। अखिल भारतीय किसान मजदूर सभा ने शनिवार को हिस्सा प्रमाण पत्र जारी करने में तहसील में की जा रही अवैध वसूली के विरोध में एसडीएम दफ्तर पर प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया। मजदूर सभा का कहना है कि गन्ना सर्वे के लिए त्रिवेणी चीनी मिल के कर्मचारी भूमि के हिस्सा प्रमाण पत्र की मांग कर रहे है। जिससे किसानों को खतौनी निकलवानी पड़ रही है। किसान तहसील के चक्कर काट रहे है। मजदूर सभा का आरोप है कि किसानों से हिस्सा प्रमाण पत्र जारी करने के बदले अवैध वसूली की जा रही है। लेखपालों ने इस वसूली के लिए अपने निजी मुंशी रख रखे है। जो एक हिस्सा प्रमाण पत्र की रिपोर्ट लगाने पर 100 रूपए की मांग करते है। सुविधा शुल्क न देने पर किसान को तीन चार दिन तक परेशान किया जाता है। इस बारे में इसकी शिकायत तहसीलदार और कानूनगों से भी की गई। लेकिन अवैध वसूली पर कोई रोक नहीं लगी हैं। मजदूर सभा ने अवैध वसूली को बंद कराने, खतौनी कक्ष में 20 रूपए के स्थान पर निर्धारित शुल्क 15 रूपए लेने, ठाकुरद्वारा नगर और देहात क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति में की जा रही मनमानी कटौती बंद करने की मांग एसडीएम को ज्ञापन देकर की। प्रदर्शन में किसान मजदूर सभा के जिला महासचिव कैलाश सिंह, प्रीतम सिंह, हरस्वरूप सिंह, वीर सिंह, मनोज कुमार, अमित कुमार, नरेश सिंह, भारत सिंह, चंचल कुमार, सुनील कुमार, यशपाल सिंह आदि मौजूद थे।