मुरादाबाद। सोनकपुर स्टेडियम में गुरुवार को श्रीमती एवं श्री संतराम सिंह मेमोरियल 7ए साइड मंडल स्तरीय हाकी प्रतियोगिता में एक-एक गोल के लिए रोमांच देखने को मिला। पहला मैच हिंदू इंटर कालेज चांदपुर और स्टेडियम ब्लू के बीच खेला गया, जिसमें ब्लू टीम ने चार-दो से जीत दर्ज की। दूसरे मैच में रामपुर इलेवन की टीम ने जीआईसी बी को चार तीन से हराया। तीसरे मैच में मुरादाबाद ए ने बिजनौर बी के खिलाफ तीन-दो से जीत दर्ज की। मुरादाबाद की ओर से अमित ने दो और कपिल ने एक गोल लिया। दिन के आखिरी मैच में बिजनौर ए ने जीआईसी को इकतरफा मैच में छह-शून्य से शिकस्त दी। इस दौरान क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना, प्रतियोगिता सचिव रिशाल दिवाकर, अदनान, योगेश श्रीवास्तव, इकबाल खान आदि मौजूद रहे।