बिलारी। स्थानीय कोतवाली के हरौरा गांव निवासी एक निजी शिक्षक की ब्रेन हैमरेज से अचानक मौत हो जाने पर परिवार में कोहराम मच गया। हरौरा गांव निवासी सत्यवीर सिंह का 22 वर्षीय बेटा रोहन सिंह बिलारी के सहसपुर स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षक था। रोहन की शादी छह माह पहले ही खाबरी अव्वल गांव निवासी रश्मि के साथ हुई थी। पता चला है कि एक सप्ताह पहले अचानक उसकी हालत बिगड़ने पर वह बेहोश हो गया। परिजन उपचार के लिए आनन फानन में मुरादाबाद के एक हॉस्पिटल ले गए। यहां भी स्थिति गंभीर रहने पर उपचार के लिए एम्स दिल्ली ले जाया गया। एम्स में उपचार के दौरान रविवार की देर शाम रोहन सिंह की मौत हो गई। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक मृतक की मौत ब्रेन हैमरेज से हुई है। मृतक के परिवार में उसकी मां प्रमोद, बहन काजल और पत्नी रश्मि समेत परिवार वालों तथा रिश्तेदारों का रो रोकर बुरा हाल था। पता चला है कि मृतक रोहन रेलवे की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी भी कर रहा था और रात को काफी देर तक वह पढ़ाई करता था।