बिलारी। नगर स्थित गन्ना समिति कार्यालय परिसर में बैठे एक युवक को मोहल्ले की रंजिश के चलते चाकू मारकर घायल कर दिया। नगर के मोहल्ला महाजनान निवासी बिजेंद्र सिंह का बेटा बाबू सिंह 24 वर्ष बृहस्पतिवार की दोपहर गन्ना समिति कार्यालय परिसर में बैठा हुआ किसी की प्रतीक्षा कर रहा था। बाबू का आरोप है कि अचानक उसके मोहल्ले के ही एक युवक ने रंजिश के चलते उस पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। हमले में उसकी नाक और गर्दन के पास चाकू लग गया। बाबू सिंह का कहना है कि उसके द्वारा शोर मचाने पर अन्य गन्ना समिति स्टाफ और किसानों के आ जाने पर हमलावर उसे छोड़कर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। बाबू ने तहरीर देकर पुलिस से रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।