ठाकुरद्वारा। अखिल भारतीय किसान मजदूर सभा ने गुरूवार को किसान मजदूरों के समस्त कर्जे माफ करने और किसानों के हित में डा. स्वामीनाथन की रिपोर्ट लागू करने की मांग को लेकर नगर में जुलूस निकाला। एसडीएम दफ्तर पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौपा। मजदूर सभा के कार्यकर्ता तिकोनिया पर एकत्र हुए। वहां से उन्होने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए नगर के प्रमुख मार्गो पर जुलूस निकाला। एसडीएम दफ्तर पर पहुंचकर उन्होने अपनी मांगो का ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। जिसमें उन्होने किसान मजदूरों के समस्त कर्जे माफ करने, किसानो के हित में डा. स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने, किसानों का शोषण बंद करने की मांग की गई। एसडीएम रामजी लाल ने उनका ज्ञापन उचित माध्यम से प्रदेश के राज्यपाल को भेजने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में प्रीतम सिंह, वीर सिंह, कैलाश सिंह, सुरेंद्र सिंह, कमला देवी आदि मौजूद थे।