मुरादाबाद।
मुरादाबाद रेल मंडल के पांच शहरों में नौ अगस्त से रेलवे भर्ती परीक्षा शुरू होगी। आन लाइन होने वाली इस परीक्षा को लेकर रेलवे ने तैयारियां शुरू कर दीं। पहले चरण में सहायक लोको पायलट और टेक्नीशियन के पदों पर दस दिन भर्ती परीक्षा चलेगी। रेलवे में तकरीबन 90 हजार पदों पर भर्ती होनी है। जिसके लिए करीब ढाई करोड़ अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। इनमें सहायक लोको पायलट और टेक्नीशियन के 26 हजार 502 पद हैं। नौ अगस्त से भर्ती परीक्षा के लिए मुरादाबाद रेल मंडल के देहरादून में चार, रुड़की में एक, मुरादाबाद में एक, बरेली में तीन और हरिद्वार में दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। ये परीक्षा तीन शिफ्टों में कंप्यूटर पर आन लाइन होगी। 9 अगस्त,10,13,14,17,20,21,29,30 और 31 अगस्त को परीक्षा होगी। देहरादून में 2700, रुड़की में 1500, मुरादाबाद में 1500, बरेली में 3600 और हरिद्वार में 270 अभ्यर्थी प्रति परीक्षा में बैठेंगे। डीआरएम अजय कुमार सिंघल ने बताया कि रेलवे भर्ती बोर्ड द्वारा परीक्षा कराई जा रही है। परीक्षा के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। मुरादाबाद रेल मंडल में पांच शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।