ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)। विश्व जनसंख्या नियंत्रण पखवाड़ा बुधवार को शुरू हुआ। जिसमें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ठाकुरद्वारा पर शिविर लगाकर लोगों को परिवार नियोजन और उसकी विधियों के बारे में जागरूक किया गया। इस अवसर पर जनसंख्या नियंत्रण की अंतरा और छाया विधि को भी लांच किया गया। लेकिन पहले दिन किसी ने अंतरा विधि को नहंी अपनाया। अंतरा विधि के तहत एक इंजेक्शन लगाया जाता है। जिसके लगने के बाद तीन माह तक महिला को गर्भ की संभावना नहीं रहती है। शिविर में फैमिली काउंसलर सरोज देवी, डा. शाईन परवीन ने महिलाओं को परिवार नियोजन के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि छोटा परिवार होने से घर में खुशहाली रहती है। इससे देश का विकास भी प्रभावित नहीं होता है। कैंप में माला डी के 85 पैकेट वितरित किए गए। पांच महिलाओं को अंतरा योजना और 12 को छाया योजना के तहत जागरूक किया गया। प्रसव के बाद एक महिला को कापर टी भी लगाई गई। इसके अलावा परिवार नियोजन की विस्तार से जानकारी दी गई। 20 वर्ष से कम उम्र में गर्भधारण न करने, दो बच्चों के बीच तीन वर्ष का अंतर रखने, लड़के की शादी 21 वर्ष में और लड़की की शादी 18 वर्ष की उम्र में करने पर ही जोर दिया गया।