बिलारी। पूर्व में ओडीएफ घोषित किए गए ग्रामों में शौचालय निर्माण में गड़बड़ी की शिकायतें जिला प्रशासन तक पहुंचने के बाद अब जला प्रशासन ओडीएफ ग्रामों को लेकर काफी गंभीर हो गया है। बिलारी ब्लॉक के दो ग्रामों बिचौला कुंदरकी और रामपुर पट्टी को एक सप्ताह पहले ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव द्वारा खुले में शौचमुक्त घोषित कर दिया गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार की दोपहर जिला स्वच्छता प्रेरक निदा अहमद ने बिलारी ब्लॉक के स्वच्छता समन्वयक नवल कुमार और ग्राम पंचायत अधिकारी फिरोज आलम के साथ बिचौला कुंदरकी और रामपुर पट्टी गांव में बने शौचालयों का सत्यापन किया। जिला प्रेरक ने शौचालय निर्माण की गुणवत्ता परखी और शौचालय लाभार्थियों से जरूरी जानकारी भी ली। पता चला है कि जिला प्रेरक की सत्यापन रिपोर्ट के बाद मंडल मुख्यालय से आने वाली टीम के अधिकारी पुन: ओडीएफ घोषित ग्रामों का सत्यापन करेंगे। उनकी रिपोर्ट के बाद ही प्रदेश शासन से संबंधित ग्रामों को ओडीएफ घोषित किया जा सकेगा।