ट्रैक्टर-ट्राली ने चौकीदार को रौंदा, मौत
अमर उजाला ब्यूरो
भोजपुर। नगर के रेलवे स्टेशन पीपलसाना के पास ट्रैक्टर-ट्राली ने चौकीदार को रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मुख्यालय भेजा। थाना क्षेत्र के ग्राम श्यामपुर हादीपुर निवासी जबर सिंह 62 पुत्र बिहारी नगर के एक गोदाम पर चौकीदार का काम करता था। मंगलवार की सुबह को वह किसी काम से नगर आ रहा था। नगर के रेलवे स्टेशन पीपलसाना-साप्ताहिक बाजार के पास तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली के चालक ने गति से नियंत्रण खो दिया और जबर सिंह को रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौत का समाचार परिजनों को मिला तो गांव में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुुंची और शव को सील कर मुख्यालय भेज दिया।