ठाकुरद्वारा। बारिश और तेज हवाओं से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। खेतों में खड़ी धान और गन्ने की फसल जमीन पर गिर गई है। इससे फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। गुरुवार की रात तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। भारी बारिश से गांव गोपीवाला, असलेमपुर, कालेवाला आदि गांव के किसानों की खेतों में खड़ी धान और गन्ने की फसल बारिश के साथ चली तेज हवाओं के कारण जमीन पर गिर गई। इससे फसल के उत्पादन पर असर पडे़गा। उधर रामगंगा नदी के किनारे बसे गांव लालापुर पीपलसाना, बलिया, बल्लभगढ़, राईभूड़, शेरपुर पट्टी, बढ़ापुर, जयनगर के किसानों की नदी किनारे खड़ी धान और गन्ने की फसल को भी भारी नुकसान हुआ है। नदी के कटान से फसल जमीन सहित नदी में समा गई है।