बिलारी। स्थानीय तहसील सभागार में बुधवार की दोपहर आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के एक दिवसीय विभागीय प्रशिक्षण में आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले नवजात बच्चों, किशोरियों और गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के बारे में जानकारी दी। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को केंद्र संचालन से संबंधित उनकी जिम्मेदारियां बताईं। केंद्रों के निर्धारित समय से नियमित संचालन पर भी जोर दिया गया। राज्य पोषण मिशन के मंडलीय समन्वयक तौहीद अहमद ने बच्चाें और किशोरियों में खून की कमी को पूरा करने, समय के साथ छोटे बच्चों का ऊपरी आहार बढ़ाने, पैदा होते समय बच्चे को उसकी मां का दूध पिलाने आदि विषयों संबंधी जानकारी विस्तार से दी गई। प्रशिक्षण का संचालन बिलारी के सीडीपीओ सुरेंद्रपाल सिंह ने किया। प्रशिक्षण आयोजन में मुख्य सेविका सोमवती और ओमवती का भी सहयोग रहा।