मुरादाबाद। कोरोना की रफ्तार बढ़ने के साथ ही संक्रमण की चेन भी बनने लगी है। डॉक्टर की मां और निर्यातक की पत्नी समेत 12 और लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसमें संक्रमित मरीजों के संपर्क में रहे पांच लोग शामिल हैं। पॉजिटिव मरीजों में सीएमओ ऑफिस का डाटा आपरेटर भी है।
गांधीनगर के रहने वाले निर्यातक की पत्नी को बुखार की शिकायत थी। जांच कराई तो वह संक्रमित पाई गईं। लाजपत नगर निवासी 49 वर्षीय व्यक्ति बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल इलाज कराने पहुंचे थे। जहां डॉक्टर ने कोविड की जांच कराने की सलाह दी। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं न्यायिक अधिकारी के पुत्र की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। एक दिन पहले न्यायिक अधिकारी संक्रमित पाए गए थे। बृहस्पतिवार को संक्रमित पाई गईं कांठ सीएचसी की महिला डॉक्टर की मां जांच कराई गई तो वह भी पॉजिटिव निकली। ऐसे ही निजी विश्वविद्यालय के प्रोफेसर की पत्नी भी संक्रमित पाई गई हैं। कुछ दिन पहले प्रोफेसर पॉजिटिव पाए गए थे। सीएमओ ऑफिस में तैनात डाटा आपरेटर को सर्दी जुकाम की शिकायत थी। जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। गौर ग्रेसियस निवासी महिला की छह वर्षीय बेटी भी पॉजिटिव मिली है। दो दिन पहले महिला खुद संक्रमित हो गई थी। वहीं खुशहालपुर निवासी 34 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। महिला की सास पहले ही संक्रमित हो चुकी है। तीन संक्रमित मरीजों से रैपिड रिस्पांस टीम का संपर्क नहीं हो सका है। इसमें एक संक्रमित का मोबाइल नंबर गलत मिला है।