कुंदरकी। भूमिगत बंच केबल फूंक जाने के कारण पांच दिन से कुंदरकी नगर से सटे ग्राम जैतपुर पट्टी समेत छह गांवों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से ठप पड़ी है लेकिन विद्युत अधिकारी समस्या का समाधान कराने को लेकर गंभीर नहीं है जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गौरतलब है कि कुंदरकी बिजलीघर से जुड़े सुल्तानपुर फीडर से जुड़े ग्राम जैतपुर पट्टी, चांदपुर मंगोल, कुतुबपुर अज्जू, चकफाजलपुर, रूपपुर, गदीपुर आदि गांवों में बीते पांच दिन बिजली की आपूर्ति पूरी तरह से ठप चल रही है। बिजलीघर के एसएसओ फैजी ने बताया कि नया बंच केबिल गोदाम से मिल गया और जल्द ही काम शुरू कराकर आपूर्ति का सुचारु करा दिया जाएगा। उधर नगरीय क्षेत्र के उपभोक्ता अघोषित विद्युत कटौती से परेशान है। बारिश रुकने से उमस बढ़ रही है जिसके चलते घरों में रुकना ही मुश्किल हो रहा है। अवर अभियंता प्रदीप कुमार का कहना है कि आपूर्ति की कटौती विद्युत कंट्रोल से हो रही है।