ठाकुरद्वारा। गांव नगलिया की महिलाओं ने दो माह से खराब पड़े हैंडपंपों को ठीक कराने की मांग और शौचालय योजना का लाभ न मिलने को लेकर ब्लाक कार्यालय पर हंगामा किया। ग्राम प्रधान पर गांव की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। जिस पर अधिकारी ने दो दिन के भीतर खराब हैंडपंप ठीक कराने का आश्वासन दिया। गांव नगलिया ठाकुरद्वारा ब्लाक की ग्राम पंचायत रामनगर खागूवाला के अंतर्गत आता है। गांव के लोगों का कहना है कि ग्राम प्रधान नगलिया के साथ विकास में भेदभाव करते है। इस संबंध में तीन जुलाई को समाधान दिवस में शिकायती पत्र देने के बाद भी खंड विकास अधिकारी ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। गांव की परेशान महिलाएं सोमवार को ब्लाक कार्यालय पहुंची। उन्होंने जेई निर्मल कुमार के समक्ष हंगामा करते हुए कहा कि उनके गांव में स्थित शिवचरन जाट और नन्हे के पास खड़े सरकारी हैंडपंप करीब दो माह से खराब है। जिससे उन्हें एक किमी दूर पैदल चलकर जंगल में बोरिंग से पानी लाना पड़ रहा है। इस बारे में उन्होंने पहले भी शिकायत की थी। इस पर जेई ने उन्हें आश्वासन दिया कि हैंडपंप के मिस्त्री हारून को फोन पर निर्देश दे दिए गए है। वह दो दिन के भीतर खराब हैंडपंप ठीक कर देगा। हंगामा प्रदर्शन में खुशनुमा, महताब जहां, नन्हे, गनी आदि मौजूद थे।