बिलारी। स्थानीय कोतवाली के ग्वारऊ गांव में छत पर सो रहे युवक को अज्ञात लोगों ने पीटकर घायल कर दिया। महेंद्र सिंह 22 वर्ष रविवार की रात्रि छत पर अकेले सो रहा था। महेंद्र का कहना है कि रात्रि को लगभग 11 बजे अचानक अज्ञात लोगों ने लाठी डंडों से उस पर हमला कर घायल कर दिया। हमलावर क्यों आए और उसके साथ क्यों मारपीट की इस बारे में महेंद्र को कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। उसके पिता हरी सिंह की सूचना पर 100 नंबर डायल पुलिस रात में ही ग्वारऊ गांव पहुंची और घायल महेंद्र को कोतवाली ले आई। पुलिस ने न तो घायल का मेडिकल परीक्षण कराया और न ही उसकी तहरीर पर कोई मुकदमा दर्ज किया गया। कोतवाली प्रभारी कमरुल हसन खां ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आते ही हल्का दारोगा को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है। जांच के बाद हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।