बिलारी। एसडीएम ने तहसील बिलारी क्षेत्र में ताजियों के जुलूस के रास्तों पर पर्याप्त व्यवस्थाओं के निर्देश दिए हैं। एसडीएम की ओर से विद्युत उपखंड अधिकारी और टेलीफोन विभाग के सहायक अभियंता को पत्र भेजकर कहा गया है कि ताजियों के जुलूस से संबंधित रास्तों में जहां पूर्व के वर्षों में विद्युत तार या टेलीफोन के तार काटे जाते रहे हैं वहां इस वर्ष भी समय से तार कटवा दिए जाएं ताकि ताजियों के जुलूस के दौरान कोई समस्या न आए। बिलारी और कुंदरकी के खंड विकास अधिकारियों से कहा गया है कि वह ताजियों के जुलूस के खराब रास्तों को सभी ग्रामों में दुरुस्त करा दें। नगरपालिका बिलारी और नगर पंचायत कुंदरकी के अधिशासी अधिकारी को पत्र भेजकर कहा गया है कि ताजियों के जुलूस को लेकर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। जुलूस के रास्तों को ठीक कराया जाए और निर्धारित कर्बला में पानी भी भरवाया जाए।