मुरादाबाद।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली में भर्ती सांसद कुंवर सर्वेश सिंह की हालत में सुधार हो रहा है। सांसद के कार्यालय प्रभारी अमित सिंह की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि एम्स के चिकित्सकों ने जांच के बाद सांसद को निमोनिया से पीड़ित बताया है। इसका इलाज शुरू कर दिया गया है। वह पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं, लेकिन खांसी की शिकायत बनी हुई है। उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। कांठ विधायक राजेश कुमार उर्फ चुन्नू व भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता समेत कई भाजपा नेता सांसद का हाल जानने के लिए दिल्ली पहुंचे। संभल सांसद सत्यपाल सिंह सैनी और रामपुर के एमपी डा. नैपाल सिंह ने भी फोन पर सांसद का हाल जाना। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी फोन पर सांसद के स्वास्थ्य की जानकारी ली।