ठाकुरद्वारा। क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने नौ बाढ़ चौकियां स्थापित की है। रामगंगा, ढेला और फीका नदी में बाढ़ आने पर क्षेत्र के 61 गांव प्रभावित होते हैं। बरसात का मौसम शुरू होने पर प्रशासन भी संभावित बाढ़ से निपटने के लिए सक्रिय हो गया है। तहसीलदार प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि बाढ़ से निपटने के लिए नौ बाढ़ चौकियां स्थापित की गई है। इसमें सुरजननगर में दो बाढ़ चौकियां स्थापित हुई है। एक बाढ़ चौकी गांधी स्मारक इंटर कालेज सुरजननगर और दूसरी किसान सेवा केंद्र सुरजननगर में स्थापित की गई है। इसके अलावा गांव रामपुर घोघर में संयुक्त चिकित्सालय में, करनपुर में प्राथमिक विद्यालय में, गक्खरपुर में प्राथमिक विद्यालय में, धारकनंगला में प्राथमिक विद्यालय में, सुल्तानपुर दोस्त में किसान सेवा केंद्र पर, जटपुरा में जलालपुर पुलिस चौकी और पीलकपुर गुमानी में प्राथमिक विद्यालय में बाढ़ चौकियां स्थापित की गई है। क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति पैदा होने पर 61 गांव प्रभावित होते हैं। इसमें फीका नदी से दो, रामगंगा नदी से 30 और ढेला नदी से 29 गांव प्रभावित होते हैं। तहसीलदार ने बताया कि सभी बाढ़ चौकियों पर कर्मचारियों की नियुक्ति की जा रही है। संभावित बाढ़ से निपटने के लिए अन्य आवश्यक कदम भी उठाए जा रहे हैं।