बिलारी। गर्मी और बारिश के मिले जुले मौसम के दौरान बिलारी क्षेत्र में बुखार के प्रकोप में तेजी आ गई है। शनिवार की सुबह नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बड़ी संख्या में बुखार के रोगी पहुंचे। सुबह के समय सरकारी अस्पताल खुलने से पहले ही पंजीकरण काउंटर पर महिला और पुरुष रोगियों की लंबी-लंबी लाइनें लग गईं। चिकित्साधीक्षक कक्ष और महिला चिकित्साधिकारी कक्ष में मरीजों की भारी भीड़ रही। पंजीकरण काउंटर कर्मचारी के मुताबिक 400 से अधिक मरीजों ने पंजीकरण कराया। चिकित्साधीक्षक डा. संदीप गुप्ता ने बताया कि इन दिनों गर्मी और बारिश का मिला जुला मौसम चल रहा है। ऐसे मौसम में रात्रि को खुले में ओस में सोना नुकसानदायक है तथा मच्छरों से बचाव भी जरूरी है। चिकित्साधीक्षक के मुताबिक बदल रहे मौसम में बुखार, खांसी, जुकाम, खुजली आदि के रोगियों में बढ़ोतरी हो रही है। चिकित्साधीक्षक की सलाह है कि अपने घरों के पास बारिश का पानी जमा न होने दें। साफ पानी पिएं और ताजा भोजन खाएं।