बिलारी। नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सभागार में शुक्रवार की दोपहर हुई गोष्ठी में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को स्वच्छता पखवाड़ा और जनसंख्या नियंत्रण की जानकारी दी गई। गोष्ठी में केंद्र के चिकित्साधिकारी डा. गौरव कुमार ने कहा कि जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े के तहत सभी एएनएम को अपने अपने क्षेत्रों की निर्धारित समय पर प्रगति रिपोर्ट देनी है। यह प्रगति रिपोर्ट लगातार जिला चिकित्सालय को भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी एएनएम अपने अपने क्षेत्र में जनता को जनसंख्या नियंत्रण के लिए जागरूक करें और महिलाएं तथा पुरुषों को नसबंदी ऑपरेशन कराने के लिए प्रेरित करें। इस दौरान बच्चों में अंतर रखने के लिए परिवार नियोजन संबंधी दवाई छाया और अंतरा का भी प्रचार प्रसार करने को कहा गया। गोष्ठी में यह भी कहा गया कि गर्मी और बारिश के बदलते मौसम में बीमारी से बचने के लिए स्वच्छता बनाए रखें। गोष्ठी में चंचल सिंह आजाद, मनीष कुमार, मनोज शर्मा, सरला राजपूत, शीला देवी, आशा सैनी, ममता शर्मा, गिरिजेश कुमारी, उमा चौहान, प्रीति टंडन आदि ने भी विचार रखे।