मोदी का जादू लोगों के सिर चढ़ कर बोल रहा है। टीवी चैनलों में लगातार मोदी की खबरें देख-देखकर एक छात्र मोदी का दीवाना हो गया।
उनसे मिलने की चाह में वह नोएडा से गुजरात पहुंच गया।
उसके मोबाइल फोन की लोकेशन गुजरात में मिली तो अपहरण की आशंका के चलते परिजनों ने थाना सेक्टर-20 में उसके अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा दी।
ग्रेटर नोएडा में इंजीनियर पुष्पराज मिश्र के बेटे ने जेपी इंटरनेशनल स्कूल से इसी वर्ष 12 की परीक्षा पास की है।
7 जून को वह अपने दो दोस्तों के साथ मयूर विहार दिल्ली स्थित अग्रसेन कॉलेज एडमिशन फॉर्म लेने के लिए घर से निकला था।
फॉर्म लेने के बाद दोस्तों के साथ मेट्रो स्टेशन सेक्टर-18 पहुंचा लेकिन घर जाने बजाय फिल्म देखने की बात कह वह कनॉट प्लेस चला गया।
जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने थाना सेक्टर-20 में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मोबाइल फोन की लोकेशन गुजरात के अहमदाबाद में मिली। अहमदाबाद में परिवार का कोई लिंक न होने के कारण परिजनों को उसके अपहरण की आशंका हुई।
गुमशुदगी अपहरण में तब्दील कर उसकी तलाश शुरू हुई।
बृहस्पतिवार दोपहर छात्र सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन पर जैसे ही उतरा तो सीआईएसएफ के जवानों ने उसे थाना सेक्टर-20 पुलिस को सौंप दिया। सूचना पर परिजन भी थाने पहुंच गए।
छात्र ने बताया कि वह नरेंद्र मोदी से मिलने गुजरात चला गया था। निजामुद्दीन से ट्रेन पकड़ी और पहुंच गया बड़ोदरा और वहां से गांधीनगर।
मुलाकात का समय नहीं मिलने के कारण वह लौट आया। पुलिस ने छात्र को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।