चुनार। नगर स्थित हजरत बाबा कासिम सुलेमानी की दरगाह पर लगने चैती मेले का पहला मेला बृहस्पतिवार को शुरू हुआ। पहला मेला झाड़ू बहारू के नाम से व पांचवा अंतिम मेला धोबिया मेला के नाम से प्रसिद्ध है। पहले मेले में स्थानीय व दूर दराज के जायरीनों ने दरगाह पहुंचकर बाबा के मजार पर जियारत कर चादर पोशी किया। हजरत बाबा कासिम सुलेमानी के दरगाह पर लगे चैती मेले का एसडीएम नवनीत सेहारा ने मेला क्षेत्र भ्रमण कर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मेले की व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं को देखा। वह दरगाह के पीछे स्थित गंगाघाट पहुंचे जहां उन्होंने अनाधिकृत रूप से मेले के दौरान नाव संचालन होते देखा। उन्होंने स्थानीय पुलिस को निर्देश दिया कि नाव संचालन पर पूर्णतया रोक लगाया जाए। यदि नाविकों द्वारा संचालन किया जाता है तो उनके विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही गंगाघाट पर पुलिस तैनात करने का भी निर्देश दिया।मेला क्षेत्र में मनमाने ढंग से जहां तहां बने वाहन स्टैंड को देखने के बाद उन्होंने दरगाह के खलीफा से कहा कि मेला क्षेत्र के बाहर ही वाहन स्टैंड बनाया जाय ताकि आने जाने वाले जायरीनों व अन्य को आने जाने में कोई असुविधा उत्पन्न न हो। खलीफा ने शीघ्र ही व्यवस्था करने के लिए कहा।इस दौरान एसडीएम के साथ निरीक्षक इमरान खान, क्षेत्रीय लेखपाल श्यामा राम उपस्थित रहे।