मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के आमघाट के पास एक माह पूर्व सड़क हादसे में घायल युवक की रविवार की रात को वाराणसी के निजी अस्पताल में मौत हो गई।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर राजापुर गांव निवासी मनोज कुमार (35) पुत्र स्व. रामकिसुन मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसे एक पुत्र बबलू है। वह दो अप्रैल को पुत्र के साथ बाइक से पड़री बाजार शादी में शामिल होने जा रहा था। वह आमघाट के पास पहुंचा था कि बोलेरो ने उसे टक्कर मार दिया। बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंडलीय अस्पताल से उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रामा सेंटर से उपचार के लिए परिजन निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले गए। जहां रविवार की रात को उपचार के दौरान मनोज की मौत हो गई। उसके पुत्र बबलू का उपचार चल रहा है। मनोज की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। देहात कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।