जिगना। विंध्याचल थाना क्षेत्र के कामापुर कला के सेतुहार गांव में तीन दिन पहले हुई मारपीट में घायल अशोक की इलाज के दौरान मंगलवार को सुबह मंडलीय अस्पताल में मौत हो गई। इस मामले में विंध्याचल पुलिस ने पत्नी सरोजा देवी की तहरीर पर एक व्यक्ति के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
कामापुर कला के सेतुहार गांव निवासी अशोक कुमार (35) पुत्र मुन्नी लाल 12 जनवरी को अपने खेत में बोई गई आलू की रखवाली करने गए थे। वहां महुआरी कला गांव के आरोपी राजू पाल ने मारपीट कर घायल कर दिया था। मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस ने इस मामले में समझौता करा दिया था। मारपीट करने वाले को इलाज कराने को कहा गया था। परिजनों ने अशोक को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां मंगलवार को सुबह अशोक की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर चले आए। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा ने बताया कि अशोक की पत्नी सरोजा देवी ने राजू पाल के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।