रेलवे स्टेशन मिर्जापुर पर प्लेटफार्म नंबर दो पर मंगलवार की देर शाम को ट्रैक पार करते समय मालगाड़ी के धक्के से युवक घायल हो गया। जीआरपी ने उसके परिजनों को सूचना देकर उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। क्षेत्र निवासी राहुल कुमार सोनकर (24) पुत्र स्व. नरेश सोनकर मूल रुप से कटरा कोतवाली क्षेत्र के ओझला स्थित लोहिया तालाब का निवासी है। उसके पिता नरेश सोनकर 20 वर्ष पूर्व दिल्ली में जाकर बस गए। वहां पर वह किसी डाक्टर की गाड़ी चलाते थे। दो वर्ष पूर्व नरेश की मौत हो गई। उनका पुत्र राहुल दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता था। वह पितृ पक्ष शुरु होने पर पिता का श्राद्ध करने के लिए मिर्जापुर आ रहा था। मंगलवार देर शाम पौने आठ बजे के करीब वह मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर दो उतरा। प्लेटफार्म नंबर दो पर ट्रैक पार कर वह प्लेटफार्म नंबर एक पर आ रहा था। इस दौरान मालगाड़ी के धक्के से वह घायल हो गया। उसके हाथ और सिर में चोट लगी। जीआरपी उसके पास मिले आधार कार्ड से शिनाख्त कर परिजनों को सूचना देकर मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वह दो बहनों का इकलैता भाई था।