कलवारी। मड़िहान थाना क्षेत्र के नरोईयां तालाब में शुक्रवार की सुबह स्नान करते समय एक युवक तालाब में डूबने लगा। युवक को डूबता देख तट पर छठ पूजा कर रही महिलाओं ने शोर मचाया। लोगों ने उसे तालाब से बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छठ पूजा के दौरान हादसे से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। कलवारी माफी गांव निवासी कृष्णानंद गोस्वामी (35) के परिजनों के साथ सुबह पांच बजे घर से 200 मीटर दूर नरोईयां तालाब छठ पूजा के लिए गया था। परिवार की महिलाएं तालाब तट पर पूजा करने में व्यस्त हो गईं। इसी बीच कृष्णानंद तालाब में उतरकर स्नान करने लगा और गहरे पानी चला गया। कृष्णानंद को तालाब में डूबता देखकर महिलाओं ने शोर मचाया। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने तालाब में उतरकर युवक को बाहर निकाला। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। भाई नित्यानंद गोस्वामी ने बताया कि तालाब किनारे सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए थे। तट पर डूबने से बचाने के लिए जरुरी संसाधन भी नहीं थे न वहां कोई गोताखोर तैनात था। इससे कृष्णानंद की जान चली गई। भाई ने मामले की तहरीर दी है। मड़िहान थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि तालाब में डूबने से एक युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।