जमालपुर। थाना क्षेत्र के जिवनाथपुर में शुक्रवार को मकान निर्माण में ढलाई करने के लिए सीमेंट-गिट्टी की मिक्सचर मशीन का लिफ्ट लगाते समय नीचे गिरकर मशीन मालिक की मौके पर ही मौत हो गई। जिवनाथपुर गांव निवासी जगत के मकान का निर्माण हो रहा है। मकान के द्वितीय तल की ढलाई की जानी थी। इसके लिए शुक्रवार की सुबह ढलाई के लिए गिट्टी सीमेंट के मिक्सचर को ऊपर तक पहुंचाने के लिए मिक्सचर मशीन आई थी। मिक्सचर मशीन का मालिक रवि उर्फ गुंजन चौरसिया (35) निवासी रेरुपुर मकान की ढलाई के लिए गिट्टी-सीमेंट के मिक्सचर को ऊपर तक ले जाने के लिए लिफ्ट को सेट कर रहा था। वह लिफ्ट के ऊपर चढ़ कर देख रहा था। इस दौरान पैर फिसलने से वह नीचे गिर गया। द्वितीय तल से नीचे गिरकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव को अंतिम संस्कार कर दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष अरविंद सरोज ने बताया कि मौत की सूचना थाने पर नहीं दी गई। किसी प्रकार की शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी।