मिर्जापुर। चुनार कोतवाली क्षेत्र के सीखड़ निवासी राहुल सिंह ने सोशल मीडिया के जरिये एक कंपनी से जुड़कर लाखों रुपये की ठगी का शिकार हो गया। शुक्रवार को राहुल ने शहर कोतवाली परिसर में स्थित साइबर थाना में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर देकर राहुल ने बताया कि वह एक कंपनी में काम करता है। कोरोना काल के बाद से घर में रहकर ही काम कर रहा है। 15 अप्रैल को उसके फोन पर टेलीग्राम के माध्यम से एक मैसेज आया, जिसमें वर्क फ्रॉम होम की जानकारी दी गई। जवाब ना देने पर दो दिन बाद फिर मैसेज आया । उसमें कई प्रकार के कमीशन व प्रलोभन थे। लालच में पहड़कर कई चरणों में अपनी पांच लाख रुपये की पूंजी लगा दी। इसके बाद मैसेज आया कि और पैसा लगाना होगा, तो साढ़े तीन लाख रुपये पर्सनल लोन लेकर कंपनी द्वारा दिए गए एकाउंट पर भेज गया। इसके बाद मैसेज आया कि 13 लाख रुपये लगाना होगा। इतना पैसा लगाने पर बाकी पैसे जो जमा हुआ पैसा मिल जाएगा। इस पर उसे अहसास हुआ कि वह धोखाधड़ी का शिकार हो गया है। साइबर क्राइम थाना प्रभारी श्याम बहादुर यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।