शेरवां स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र के नौडीहा गांव में मंगलवार की रात सो रहे युवक की सर्पदंश से मौत हो गई। क्षेत्र निवासी सुशील कुमार पाल (24) पुत्र सहदेव पाल मंगलवार की रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। देर रात नींद आने के बाद चारपाई पर चढ़ कर एक जहरीले सर्प ने सुशील के गले के नीचे डस लिया। सर्प के डसने से सुशील की नींद खुल गई। देखा कि बिस्तर पर सांप बैठा है। सर्प को देखते ही कमरे के बाहर भागा और शोर मचाने लगा। जब तक परिजन इकठ्ठा होते सर्प कमरे के बाहर निकल कर भाग गया। परिजन झाड़ फूंक के लिए कई जगह ले गए, लेकिन सुशील को बचाया नहीं जा सका। परिजनों का रो-रो कर हाल बेहाल हो गया। परिवार में कोहराम मच गया है। पिता सहदेव पाल की तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।