अहरौरा। खनन इलाके के अधवार लालपुर पहाड़ी पर स्थित खदान में बुधवार को दोपहर में पत्थर कटिंग करने वाले मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मौके पर मौजूद मजदूरों ने उसे इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने भी उसे मृत घोषित कर दिया। मजदूर के बहनोई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
मजदूर के बहनोई रोहतास ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि राम खिलाड़ी मीना (48) पुत्र बद्री प्रसाद मीना निवासी गुल्लाई गांव भुरियावली गाजी अलवर राजस्थान मिर्जापुर जिले के लालपुर स्थित पहाड़ पर स्थित खदान में ठेकेदार के अंडर में दैनिक मजदूरी पर काम करता था। इसी कमाई से परिवार के सदस्यों का भरण-पोषण करता था। बुधवार की सुबह काम कर रहा था कि तभी अचानक शरीर में कंपन होने लगा और वह गिर पड़ा। उसे इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मजदूर की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि राम खिलाड़ी के बहनोई रोहतास की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर हादसे की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।