मिर्जापुर। जिला महिला अस्पताल को शिफ्ट करने का काम शुरू हो गया है। मंडलीय अस्पताल परिसर में इमरजेंसी के पीछे वाले 145 बेड के भवन में मंगलवार से ओपीडी शुरू हो जाएगी। सारा सामान शिफ्ट होने के बाद ऑपरेशन थियेटर और लेबर रूम आदि समेत महिला अस्पताल से संबंधित सभी काम 145 बेड के भवन में ही संचालित होंगे।
जिला महिला अस्पताल का भवन गिराकर सात मंजिला भवन बनाया जाना है। जिला महिला अस्पताल के भवन की नीलामी की प्रक्रिया पूरी हो गई है। भवन तोड़ने के लिए जिला महिला अस्पताल को शिफ्ट करने का काम किया जा रहा हैै। इस बीच जिला महिला अस्पताल का संचालन मंडलीय अस्पताल परिसर में 145 बेड के भवन में इमरजेंसी के पीछे होना है। इसके लिए जिला महिला अस्पताल के आपरेशन रूम के अलावा फर्नीचर और बाकी सामान 145 बेड के अस्पताल भवन में शिफ्ट किए जा रहे हैं। नौ अप्रैल से जिला महिला अस्पताल की ओपीडी 145 बेड के भवन में शुरू होगी। सारा सामान शिफ्ट होने पर तीन से चार दिन बाद पूरा जिला महिला अस्पताल 145 बेड के भवन में संचालित होगा। सामान शिफ्ट होने तक मरीजों को 100 बेड एमसीएच विंग में संचालित किया जा रहा है। एसआईसी डाॅ. तरुण सिंह ने बताया कि जिला महिला अस्पताल को शिफ्ट करने का काम किया जा रहा है। मंगलवार से महिलाओं की ओपीडी 145 बेड भवन में शुरू हो जाएगी। इसके बाद बाकी सारे सामान शिफ्ट होने के बाद पूरा महिला अस्पताल इसी भवन में संचालित होगा।